खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खंडवा और बुरहानपुर जिले के प्रवास पर हैं, जहां वे 1200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, भूमिपूजन और लाड़ली बहना योजना की 33वीं किस्त का सिंगल क्लिक से वितरण करेंगे।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खंडवा एवं बुरहानपुर के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं को नई गति देना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करना है। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे बुरहानपुर पहुंचकर रेणुका मंडी में आयोजित कार्यक्रम में 696.37 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसमें सड़कों, जलप्रदाय, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित विकास कार्य शामिल हैं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री 2ः40 बजे खंडवा जिले के पंधाना पहुंचेंगे, जहां वे प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को लाड़ली बहना योजना की 33वीं किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी करेंगे। इस बार कुल 1800 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में अंतरित होंगे। यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
खंडवा में मुख्यमंत्री लगभग 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। इनमें ग्रामीण संपर्क मार्ग, पेयजल योजनाएं, विद्युत सुधार कार्य तथा नगरीय विकास से जुड़े प्रकल्प शामिल हैं। सरकार का कहना है कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री शाम 4ः10 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे। उनके इस दौरे को आगामी चुनावी वर्ष से पहले विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव खंडवा-बुरहानपुर में 1200 करोड़ से अधिक विकास कार्यों की रखेंगे आधारशिला


