दुर्गापुर के निजी मेडिकल कॉलेज में छात्र की मौत, हॉस्टल बाथरूम में मिला शव

शेयर करे

दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में शनिवार रात हड़कंप मच गया। जहां एक छात्र का शव हॉस्टल के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद कैंपस में तनाव और शोक का माहौल है।

कौन था छात्र?

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 22 वर्षीय लावण्य प्रताप के रूप में हुई है। वह पटना (बिहार) का निवासी था और दुर्गापुर के इस निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था।

कैसे सामने आया मामला?

बता दें शनिवार देर रात कुछ छात्रों ने बाथरूम का दरवाजा बंद देखा। काफी देर तक प्रतिक्रिया न मिलने पर संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर छात्र फंदे से लटका मिला। साथियों ने तुरंत पुलिस और कॉलेज प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में क्या सामने आया?

पुलिस की प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि छात्र पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में था। बताया जा रहा है कि वह एक सेमेस्टर परीक्षा में सफल नहीं हो पाया था, जिसके कारण वह तनाव और निराशा से जूझ रहा था। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *