5 साल की बच्ची बनी हीरो: मां को बचाने के लिए 200 मीटर दौड़कर पहुंची थाने

शेयर करे

हरदोई। कभी–कभी सबसे छोटे कदम सबसे बड़ी बहादुरी की मिसाल बन जाते हैं। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक 5 साल की बच्ची ने वह कर दिखाया, जो कई बड़े लोग भी करने से डर जाते हैं। संपत्ति विवाद में अपनी मां को पिटता देख मासूम ने न सिर्फ हिम्मत दिखाई बल्कि 200 मीटर तक दौड़कर थाने पहुंच गई और पुलिस को मौके पर ले जाकर अपनी मां की जान बचा ली। यह कहानी सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि साहस और उपस्थित बुद्धि का ऐसा उदाहरण है जिसने पुलिस तक को हैरान कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार हरदोई के पुरवा इलाके में रहने वाली पूजा श्रीवास्तव का अपने दिवंगत पति अभिषेक श्रीवास्तव की पैतृक संपत्ति को लेकर पति के मामा विनोद श्रीवास्तव के परिवार से विवाद चल रहा था। पहले भी पूजा ने 1 फरवरी को धोखाधड़ी और मारपीट का केस दर्ज कराया था, जिसमें आरोप था कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया। शनिवार को जब पूजा अपनी 5 वर्षीय बेटी यशी के साथ घर लौटी, तो एक बार फिर समझौते का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर हालात अचानक बेकाबू हो गए।

पहले कुत्ता छोड़ा, फिर पूजा पर हमला

मामले पर आरोप है कि पहले यशी पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। उसके बाद घर के अंदर पूजा को घेरकर बेरहमी से पीटने की कोशिश की गई। जिसकी चीख-पुकार सुनाई दी लेकिन कोई मदद नहीं कर रहा था। हालत इतनी भयावह थी कि मामला जानलेवा हो सकता था।

5 साल की यशी बनी सुपरहीरो

डरी हुई, घायल बच्ची ने अद्भुत हिम्मत दिखाते हुए बिना समय गंवाए सीधे थाने की ओर दौड़ लगा दी। जिसके बाद 200 मीटर पैदल भागकर पुलिस को पूरी घटना बताई। बच्ची को कांपते और घायल देखकर पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। मौके पर बच्ची पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। बता दें पुलिस ने घटनास्थल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एएसपी ने दी जानकारी

एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि- बच्ची थाने पहुंचकर बोली कि उसकी मां को घर में मारा जा रहा है और कुत्ता भी दौड़ाया गया है। उसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर गई और दोनों हमलावरों को पकड़ लिया। बच्ची और उसकी मां पूरी तरह सुरक्षित हैं। मां-बेटी का मेडिकल भी कराया गया है। फिलहाल मामले में नया मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *