ग्वालियर। थाटीपुर थाना क्षेत्र के 60 फ़ुटा रोड पर सड़क पर बाइक से स्टंट करने से रोकने पर दो पक्षों के बीच रविवार देर शाम तनाव की स्थिति बन गई। महिला राधा सैनी ने बच्चों और राहगीरों को चोट लगने के डर से कुछ युवकों को स्टंट करने से रोका था, लेकिन यह बात दूसरे पक्ष को नागवार गुज़री। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने महिला के घर पर धावा बोल दिया।
हमलावरों ने जमकर पथराव और तोड़फोड़ की। कई गाड़ियों के कांच फोड़ दिए गए, घर में घुसकर कुर्सियाँ फेंकी गईं और माहौल दहशत में बदल गया। इसी दौरान मामला गंभीर होता देख राधा सैनी के परिजन लाठियां लेकर बाहर निकले और हमलावरों को खदेड़ दिया। हमला करने आए युवक उल्टे पैर भागने को मजबूर हो गए।
पूरी घटना का राधा सैनी ने 6 मिनट 14 सेकंड का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिसमें उन्होंने पुलिस से तत्काल मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने एक हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी दीपेंद्र चौहान ने बताया कि राधा सैनी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और बाकी हमलावरों की पहचान की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लाइव वीडियो भी पुलिस जांच का हिस्सा बनाया गया है।
सड़क पर स्टंट करने से रोकना महिला को पड़ा भारी, स्टंटबाजों की गुंडागर्दी का सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो के बाद मामला दर्ज
RELATED ARTICLES

