गुजरात। भारत के टेक्नोलॉजी सेक्टर के लिए ऐतिहासिक पल आ गया है। देश का पहला ‘मेक इन इंडिया’ सेमीकंडक्टर प्लांट गुजरात के साणंद में तैयार हो चुका है। इस अत्याधुनिक सुविधा उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी 2026 को दोपहर 3:45 बजे का करेंगे। यह प्लांट Micron Semiconductor Technology India Private Limited द्वारा स्थापित किया गया है और इसे भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है।
22,500 करोड़ का निवेश
जानकारी अनुसार, करीब 22,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने इस असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग (ATMP) प्लांट को ‘मेक इन इंडिया’ सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूरी मिली थी। सितंबर 2023 में शिलान्यास के बाद तेज रफ्तार से निर्माण कार्य पूरा किया गया। यह परियोजना भारत को ग्लोबल सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में निर्णायक कदम मानी जा रही है।
दुनिया के बड़े क्लीनरूम में शामिल होगा साणंद प्लांट
बता दें प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह संयंत्र पूरी क्षमता से चालू होने पर लगभग 5 लाख वर्ग फुट के विशाल क्लीनरूम स्पेस से लैस होगा, जो इसे दुनिया के सबसे बड़े रेज्ड-फ्लोर क्लीनरूम सुविधाओं में शामिल करेगा। यहां उन्नत DRAM और NAND वेफर्स को तैयार मेमोरी और स्टोरेज उत्पादों में बदला जाएगा, जिससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की बढ़ती वैश्विक मांग को पूरा किया जा सकेगा।
भारत बनेगा सेमीकंडक्टर हब
साणंद स्थित यह ATMP सुविधा न केवल घरेलू विनिर्माण को गति देगी, बल्कि रोजगार, तकनीकी नवाचार और विदेशी निवेश के नए अवसर भी खोलेगी। यह पहल भारत को एशिया में उभरते सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव रखेगी।


