भोपाल। मध्य प्रदेश में 2 मार्च को प्रस्तावित बस हड़ताल टल गई है। सरकार और बस ऑनर्स एसोसिएशन के बीच सकारात्मक वार्ता के बाद बस ऑपरेटरों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन ने बताया कि सरकार ने परिवहन विभाग की उन विवादित राजपत्रित सूचनाओं को फिलहाल सस्पेंड (होल्ड) करने का निर्णय लिया है, जिनका ऑपरेटर्स विरोध कर रहे थे।
होली के अवसर पर जब ट्रेनों में भारी वेटिंग है, ऐसे समय में यह निर्णय यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में यात्री बसों का संचालन अब सामान्य रूप से जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर ग्रामीण अंचल तक सुगम और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सबके हितों का ध्यान रखते हुए लोक परिवहन सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहेंगी। उनका कहना था कि यात्रियों को परेशानी न हो और बस ऑपरेटरों की समस्याओं का भी समाधान निकले, इसी संतुलन के साथ निर्णय लिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को समत्व भवन में बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बस ऑपरेटर्स की सभी शंकाओं और कठिनाइयों का समाधान मिल-बैठकर निकाला जाएगा। साथ ही परिवहन मंत्री को भी इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग की एक सूचना और एक अधिसूचना को तत्काल होल्ड करने के निर्देश दिए।
सकारात्मक बातचीत और आश्वासन के बाद मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन ने 2 मार्च से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की घोषणा की और मुख्यमंत्री का आभार जताया। बैठक में परिवहन सचिव मनीष सिंह, एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित विभिन्न संभागों के बस ऑनर्स मौजूद रहे।
सरकार-बस ऑपरेटर्स समझौते के बाद हड़ताल वापस, होली से पहले यात्रियों को बड़ी राहत


