भोपाल | संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूची के अनुसार इस वर्ष कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए किया गया है। इस परीक्षा में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। उम्मीदवार अपना परिणाम UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देख सकते हैं।
मध्य प्रदेश के अभ्यर्थियों ने इस बार परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। भोपाल के शिवाजी नगर निवासी ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया रैंक 5 हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उनकी मां विनीता भटनागर आरजीपीवी में प्रोफेसर हैं, जबकि उनके पिता शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
धार जिले के बाग कस्बे के प्रतिभाशाली युवा प्रक्षाल जैन ने ऑल इंडिया रैंक 8 हासिल कर टॉप 10 में जगह बनाई है। उनके पिता निलेश जैन कपड़ा व्यवसायी हैं और मां दीप्ति जैन गृहिणी हैं। प्रक्षाल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बाग में पूरी की और आगे की शिक्षा के लिए इंदौर गए। बाद में उन्होंने आईआईटी कानपुर से फाइनेंस विषय में पढ़ाई पूरी की।
खंडवा की रूपल जायसवाल ने 43वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि पिछले प्रयास में उन्हें 512वीं रैंक मिली थी, लेकिन उन्होंने सेवा जॉइन नहीं की और दोबारा तैयारी कर बेहतर परिणाम हासिल किया। वहीं गुना जिले की देवांगी मीणा ने 236वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। इससे पहले 2024 में 764वीं रैंक के साथ उनका चयन आईआरएस में हुआ था और वर्तमान में वे मसूरी में प्रशिक्षण ले रही हैं।
इसके अलावा नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा की सब-डिविजनल रेवेन्यू ऑफिसर पूजा सोनी ने 249वीं रैंक हासिल की है। वहीं सतना की भूमिका जैन ने 331वीं रैंक प्राप्त की है। मध्य प्रदेश के इन अभ्यर्थियों की सफलता से प्रदेश में खुशी का माहौल है और उन्होंने अपने क्षेत्रों का नाम रोशन किया है।


