सीधी। संजय टाइगर रिजर्व में बाघों के बीच एक बार फिर हिंसक संघर्ष की घटना सामने आई है। रिजर्व के दुबरी पर्यटक क्षेत्र में एक बाघ ने बाघिन के करीब 10 माह के शावक को उसके सामने ही मार डाला। इस घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बाघ टी-67 ने बाघिन टी-40 के शावक को जबड़े में दबाकर हमला किया और उसे जंगल की ओर ले गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाघ शावक को मुंह में दबाकर जंगल की ओर जाता दिखाई दे रहा है।
यह घटना दुबरी पर्यटक क्षेत्र में हुई, जहां पर्यटकों की आवाजाही भी रहती है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी सतर्क हो गए और पूरे इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बाघों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व और शावकों को खत्म करने की प्रवृत्ति के कारण इस प्रकार की घटनाएं कभी-कभी देखी जाती हैं। फिलहाल पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में बाघों की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
संजय टाइगर रिजर्व में बाघों का खूनी संघर्ष, बाघ ने बाघिन के सामने ही शावक को मार डाला


