इंदौर। जिले के सिमरोल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विजय नगर क्षेत्र के तीन दोस्त पहाड़ियों के पास घूमने और पार्टी करने पहुंचे थे, जहां खाई के किनारे बैठे दो युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में जा गिरे।
पुलिस के अनुसार इंदौर निवासी अशोक, सुमित और अभिनव पाठक सिमरोल क्षेत्र में देर शाम पहुंचे थे। तीनों युवक पहाड़ी इलाके में खाई के किनारे बैठकर शराब के साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सुमित और अशोक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरी खाई में गिर पड़े।
घटना के समय मौजूद तीसरे युवक अभिनव पाठक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिमरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। खाई में गिरे दोनों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों को परीक्षण के लिए महू स्थित अस्पताल भेज दिया है और प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इंदौर में दर्दनाक हादसा, खाई किनारे बैठे दो दोस्तों की गिरकर मौत


