मैहर। जिले में नेशनल हाईवे-30 पर भेड़ा गांव के पास एक चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई, लेकिन यात्रियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
तकनीकी खराबी के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार जय भवानी ट्रेवल्स की स्लीपर बस (एमपी 30 पी 7070) रीवा से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में कटनी के पास बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। मरम्मत के बाद चालक बस को वापस रीवा ले जा रहा था। इसी दौरान नादन थाना क्षेत्र के भेड़ा गांव के पास बस के अगले हिस्से से अचानक धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं।
यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
बस के परिचालक रुद्र सिंह बघेल के अनुसार चालक और स्टाफ ने तुरंत बस रोकी और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई। अफरा-तफरी के बीच बस में सवार यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नादन थाना प्रभारी रेनू मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे का यातायात कुछ समय के लिए डायवर्ट किया गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में बदल चुकी थी। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
मैहर में बड़ा हादसा टला, चलती स्लीपर बस में लगी आग, जैसे-तैसे यात्रियों ने कूदकर बचाई जान


