पार्किंग में खड़ी 12 कारों में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

शेयर करे

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां पार्किंग में खड़ी करीब 12 कारों में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना शहर के साइंस सिटी इलाके में सेलिन हॉस्पिटल के पीछे बनी पार्किंग में हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में सभी गाड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। बता दें घटना के दौरान इलाके में घना धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

अचानक उठीं लपटें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग में खड़ी एक कार से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़ी अन्य कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कारों को हटाने या आग बुझाने की शुरुआती कोशिश करना भी मुश्किल हो गया। कुछ ही देर में पूरी पार्किंग आग की लपटों से घिर गई।

मौके पर पहुंचीं दमकल की कई गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं की कई फायर टेंडर तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर एम्बुलेंस और पुलिस टीम भी घटनास्थल पर तैनात की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

सभी कारें जलकर नष्ट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्किंग में खड़ी करीब 12 गाड़ियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। कई कारों के केवल लोहे के ढांचे ही बच पाए हैं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय पार्किंग में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।

फिलहाल आग लगने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट इंजन में तकनीकी खराबी या ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगी हो सकती है। स्थानीय प्रशासन और फायर विभाग ने घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पार्किंग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे आग लगने की सटीक वजह का पता लगाया जा सके।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *