सात फेरे के बाद दुल्हन बोली, दूल्हे की पहले से गर्लफ्रेंड, नहीं करूंगी विदाई

शेयर करे

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शादी समारोह उस समय बड़े ड्रामे में बदल गया जब सात फेरे पूरे होने के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन ने दूल्हे पर पहले से प्रेम संबंध होने का आरोप लगाते हुए साफ कहा कि वह इस रिश्ते को आगे नहीं निभाएगी। आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
कंपू इलाके का मामला
यह मामला ग्वालियर के कंपू क्षेत्र के एक मैरिज गार्डन का है। जानकारी के अनुसार गुढ़ागुढ़ी का नाका इलाके की युवती की शादी गिर्राज नामक युवक से तय हुई थी। शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं और विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी दुल्हन ने अचानक शादी से इनकार कर दिया।
डेढ़ साल से चल रहे रिश्ते का आरोप
दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे गिर्राज का राजस्थान की एक शादीशुदा महिला पूजा के साथ करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। सगाई से एक दिन पहले उस महिला ने फोन कर इस संबंध की जानकारी दी थी। बाद में दूल्हे की हरकतों से उसका शक यकीन में बदल गया।
कॉन्फ्रेंस कॉल से सुनवाई जाती थी बातें
दुल्हन का आरोप है कि दूल्हा अपनी प्रेमिका को उसकी तस्वीरें भेजता था और जब वह अपनी मंगेतर से फोन पर बात करता था तो कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए प्रेमिका को भी जोड़ देता था, ताकि वह बातचीत सुन सके।
थाने पहुंची दुल्हन
मामला बढ़ने पर दुल्हन सीधे कंपू थाने पहुंच गई और दूल्हे व उसकी कथित प्रेमिका के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और मैसेज पुलिस को सौंप दिए।
काउंसलिंग भी बेअसर
कंपू थाना प्रभारी अमरसिंह सिकरवार के अनुसार पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। अंततः आपसी सहमति से मामला समाप्त कर दिया गया।
बिना दुल्हन लौट गई बारात
कुछ देर पहले तक जहां शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक सन्नाटा छा गया और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *