खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के मलगांव और भोमवाड़ा के बीच एक खेत के कुएं से तीन बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक 20 दिन का नवजात भी शामिल है। घटना के समय बच्चों के माता-पिता मजदूरी करने गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार मलगांव निवासी मुकेश भमोरिया के खेत में एक परिवार मजदूरी करने आया था और वहीं अस्थायी रूप से रह रहा था। घटना के दौरान बच्चों के माता-पिता काम पर गए हुए थे, जबकि तीनों बच्चे घर पर ही थे। इसी दौरान खेत में पहुंचे कुछ लोगों ने कुएं में बच्चों के शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत, सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव और तहसीलदार केसी सोलंकी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सनावद अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
20 दिन का नवजात सहित खेत के कुएं में मिले मासूमों के शव, माता-पिता गए थे मजदूरी पर


