भाजपा नेता की दबंगई से प्रताणित आदिवासी महिलाओं ने एसपी से की शिकायत, लगाई न्याय की गुहार
बालाघाट। जिले में ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष शैलेंद्र ठकरेले उर्फ पटेल के आतंक से अब आम जनता का जीना दूभर होता जा रहा है।

जुलाई 2025 में भी शैलेंद्र ठकरेले का एक ऑडियों वायरल हुआ था जिसमे मलाजखण्ड क्षेत्र के एक व्यक्ति को थाने में बैठाने की धमकी देते हुए डराने की कोशिश की गई थी। वहीं अब वर्तमान में अपने रसूख के दम पर महिलाओं को प्रताणित करने के आरोप भी लगे हैं। आपको बतादें कि यह वही शैलेंद्र ठकरेले हैं जो रामकिशोर कांवरे के मंत्री रहते खुद को चहीते रहने का दंभ भर रहे थे और अब लांजी से भाजपा विधायक का आश्रय लेकर अपने गांव और आस-पास के क्षेत्र में गुंडागर्दी का माहौल बनाने की कोशिक कर रहा है।
सूत्र बताते हैं कि जब भी भरवेली थाना की पुलिस इसके अवैध कच्चे महुआ की दुकान पर कार्रवाई करने जाती है तो बड़े नेताओं का रसूख बता कर और खुद को मण्डल अध्यक्ष कहकर कार्रवाई से बच जाता है और पुलिस भी इससे छुट भैया नेता के रसूख के दवाब के चलते हाथ मलते हुए वापिस आ जाती है। हर वार भाजपा और बड़े नेताओं का नाम लेकर शैलेंद्र ठकरेल कार्यवाही से बच जाता है।
पायली ग्राम पंचायत के गोंड़ी टोला में रहने वाली आदिवासी महिलाओं ने एक छुटभैया तथाकथित भाजपा नेता पर दबंगई, छेड़छाड़ और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को लगभग एक दर्जन महिलाएं बालाघाट पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िताओं का कहना है कि गांव का ही शैलेंद्र ठकरेले राजनीतिक रसूख धौंस दिखाकर उन्हें लगातार अपमानित और प्रताड़ित कर रहा है, जिससे पूरे टोले में भय का माहौल बना हुआ है।
महिलाओं का कहना है कि आरोपी अक्सर शराब के नशे में धुत होकर उनके मोहल्ले में पहुंच जाता है और रास्ता रोककर गाली-गलौच करता है। वह जातिसूचक शब्दों से उन्हें अपमानित करता है और अश्लील इशारे करते हुए छेड़छाड़ भी करता है। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि शैलेंद्र ठकरेले उन्हें जबरन महुआ से अवैध शराब बनाने के लिए दबाव डालता है। दबाव इसलिए बनाता है क्योंकि वह स्वयं अवैधरूप से कच्चे महुआ बेचने का व्यापार चलाता है। मना करने पर वह घर तोड़ने और पूरे गोंड़ी टोला को उजाड़ देने की धमकी देता है।
शिकायत अनुसार शैलेंद्र ठकरेले उर्फ पटेल मारुति कार में कई बार लाठी-डंडे व तलवार लेकर गांव में घूमता है। वह गाड़ी रोककर हथियार दिखाकर महिलाओं और उनके बच्चों को डराता है। महिलाओं का कहना है कि आरोपी खुद को लांजी से भाजपा विधायक का करीबी बताकर कहता है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और पुलिस भी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि आरोपी की हरकतों से वे भय और अपमान के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शैलेंद्र ठकरेले के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो और हम सम्मान के साथ जीवन जी सकें।

