मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात, भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से सस्ती होगी दक्षिण भारत की तीर्थयात्रा

भोपाल। मध्यप्रदेश निवासियों के लिए केंद्र सरकार ने एक नई सौगात दी है। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन योजना के तहत प्रदेश के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर मिलने जा रहा है। भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम द्वारा आयोजित यह विशेष यात्रा 10 रात और 11 दिन की होगी, जो 10 जून को इंदौर से रवाना होगी।
मीनाक्षी मंदिर से तिरुपति प्रमुख तीर्थों के कर सकेंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर, रामेश्वरम, कन्याकुमारी और तिरुपति बालाजी सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं को रामेश्वरम और मल्लिकार्जुन जैसे दो ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर भी मिलेगा।
इन शहरों से गुजरेंगी ट्रेन
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन इंदौर से रवाना होकर उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, बैतूल और नागपुर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों से यात्रियों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी। यात्रा पैकेज में रेल यात्रा, भोजन, होटल में ठहराव, बस के माध्यम से स्थानीय भ्रमण, यात्रा मार्गदर्शक और बीमा जैसी सुविधाएं शामिल रहेंगी।
मध्यम वर्ग के लिए भी किफायती
इस यात्रा की शुरुआती कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है, जिससे यह मध्यम वर्ग के लिए भी आकर्षक बनती है। सामान्यतः दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों की यात्रा लंबी और महंगी मानी जाती है, लेकिन इस संगठित यात्रा पैकेज के कारण श्रद्धालु कम खर्च में कई धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *