कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विपक्षी दलों पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाते हुए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। जिसमें सबसे चर्चित मुकाबला एक बार फिर सुवेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच देखने को मिलेगा।
बीजेपी ने स्पष्ट कहा है कि राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, ममता बनर्जी के सामने भवानीपुर से उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही अधिकारी नंदीग्राम सीट से भी मैदान किस्मत आजमाएंगे। बतादें कि उन्होंने 2021 के चुनाव में ममता बनर्जी को करीब 2 हजार वोटों से पटकनी दी थी।यहां गौर करने वाली बात यह है कि 2021 के विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम से हार के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की थी। उस समय तृणमूल कांग्रेस ने भवानीपुर से सोभनदेब चट्टोपाध्याय को मैदान में उतारा था, जिन्होंने जीत हासिल करने के बाद सीट खाली कर दी थी।
बीजेपी की पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जो पार्टी की चुनावी रणनीति की शुरुआत मानी जा रही है। वहीं, अभिनेता और बीजेपी नेता रुद्रनील घोष को शिवपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसी के साथ सीपीआई(एम) ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिससे यह साफ हो गया है कि बंगाल में इस बार बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच यह टक्कर 2021 की राजनीतिक जंग की याद दिला रही है। भवानीपुर और नंदीग्राम में आमने-सामने की यह लड़ाई बंगाल चुनाव को और भी रोमांचक और निर्णायक बना सकती है।


