मप्र की राजनीति में लंबे समय तक केंद्रीय चेहरा रहे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर इन दिनों एक सवाल बार-बार उठ रहा है कि, क्या भाजपा में उन्हें धीरे-धीरे साइडलाइन किया जा रहा है? हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है। खासकर तब, जब भाजपा के शीर्ष स्तर पर लिए गए कुछ फैसलों में उनका प्रभाव पहले जैसा दिखाई नहीं देता। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद सामान्य धारणा यह थी कि लंबे समय तक मप्र का नेतृत्व करने वाले शिवराज सिंह चौहान को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। लेकिन पार्टी ने नया चेहरा आगे कर दिया। इस फैसले ने यह संकेत जरूर दिया कि पार्टी अब राज्य की राजनीति में बदलाव और नए नेतृत्व को स्थापित करना चाहती है। यहीं से यह सवाल उठने लगा कि क्या शीर्ष नेतृत्व अब शिवराज को धीरे-धीरे मप्र की राजनीति से अलग करना चाहता है। हालांकि, एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि शिवराज की राजनीतिक सक्रियता आज भी हर स्तर पर पहले की तरह बनी हुई है। वे लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं। वे बेहद मेहनती राजनेता के रूप में पहचाने जाते हैं। यही कारण है कि जमीनी स्तर पर उनका प्रभाव और समर्थकों का भरोसा अब भी मजबूत माना जाता है। राजनीतिक विज्ञानियों का मानना है कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने पिछले कुछ वर्षों में एक ऐसा ‘राजनीतिक माडल’ विकसित किया है, जिसमें संगठन को व्यक्ति से ऊपर रखा जाता है। इस ‘ राजनीतिक माडल’ के तहत कई राज्यों में लंबे समय से स्थापित नेताओं की जगह नए चेहरों को मौका दिया गया, ताकि सत्ता और संगठन का संतुलन बना रहे। मप्र में भी यही प्रयोग देखने को मिला। लेकिन शिवराज के मामले में स्थिति थोड़ी अलग है, क्योंकि वे केवल एक पूर्व मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक जनता के बीच काम करने वाले लोकप्रिय जननेता भी रहे हैं। ऐसे में उनकी भूमिका को पूरी तरह सीमित करना आसान नहीं। यही वजह है कि शिवराज को लेकर राजनीतिक हलकों में दो तरह की राय है। एक पक्ष मानता है कि यह केवल नेतृत्व परिवर्तन की सामान्य प्रक्रिया है, जबकि दूसरा पक्ष इसे शीर्ष नेतृत्व द्वारा धीरे-धीरे प्रभाव कम करने की रणनीति के रूप में देखता है। सच्चाई शायद इन दोनों के बीच कहीं है। क्योंकि एक ओर पार्टी नए नेतृत्व को स्थापित करना चाहती है, तो दूसरी ओर शिवराज जैसे अनुभवी, सक्रिय और लोकप्रिय नेता को पूरी तरह नजरअंदाज करना भी संभव नहीं दिखता। अब आने वाले समय में यह साफ होगा कि भाजपा में उनकी भूमिका किस दिशा में आगे बढ़ती है।
-मिलिंद ठाकरे

