भोपाल। राजधानी के कथित गौमांस प्रकरण को लेकर न्यायालय और प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। आरोपी असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा को न्यायालय ने 35 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। अपर सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार जैन की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश पारित किया।
इससे पूर्व 17 दिसंबर 2025 को भोपाल पुलिस मुख्यालय के सामने एक ट्रक से बड़ी मात्रा में मांस जब्त किया गया था, जिसकी जांच रिपोर्ट में गौमांस होने की पुष्टि होने का दावा किया गया है। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाए थे कि नगर निगम के स्लॉटर हाउस जिंसी में गोवंश का वध किया जा रहा है। इसके बाद नगर निगम ने संबंधित वधशाला को सील कर दिया। घटना के विरोध में विभिन्न संगठनों ने सड़कों पर भारी विरोध प्रदर्शन भी किया और पुलिस पर स्पष्ट जानकारी न देने और जांच को निष्पक्षता के साथ नहीं करने का आरोप लगाया था।
वहीं इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट की जाएगी। मामले में आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच जारी है।
इधर चर्चा है कि गोवंश के वध के तथाकथित आरोपी असलम चमड़ा को जमानत मिलने के बाद कहीं गायब हो गया है। जबकि उसे बुधवार को ही मुचलके के आधार पर जमानत मिली थी। हालांकि इसमें कितनी सच्चाई है यह तो जांच के उपरांत ही खुलासा हो सकेगा।
भोपाल गौमांस प्रकरण में असलम चमड़ा को मिली जमानत
RELATED ARTICLES

