बालाघाट। कहते हैं सोच अच्छी और व्यापक हो तो राह अपने आप ही निकल आती है। जहां एक ओर बेरोजगारी के दौर में युवा पीढ़ी रोजगार की तलाश कर रही है, वहीं बैहर के युवा का स्टार्टअप प्रेरणा बनकर उभर रहा है। जंगली उत्पादों खास तौर पर तेंदू के फलों से बने फ्रूटी की तरह पेय पदार्थ को वैश्विक पहचान दिलाने का कदम उठाया है। अब यह युवा और उनका सकारात्मक कदम वनवासी बाहुल्य बालाघाट ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए उदाहरण बनता जा रहा है।
मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर निवासी किशनलाल पुरी ने अपने नवाचार और लगन से यह साबित कर दिया है कि अगर सोच नई हो तो जंगल की उपज भी बड़े अवसर में बदल सकती है। उनके स्टार्टअप को प्रेरणा श्रेणी (आइडिया टू प्रोटोटाइप) के अंतर्गत एक कृषि-स्टार्टअप के रूप में चयनित किया गया है, जिसके लिए 5 लाख रुपए की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
यह उपलब्धि उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत मिली है। श्री पुरी मध्यप्रदेश के 204 आवेदकों में से चयनित 41 प्रतिभागियों में शामिल रहे, जो अपने आप में बड़ी सफलता है। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्हें जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में 30 दिनों तक प्रशिक्षण दिया गया, जहां उनके विचार को व्यवसायिक रूप देने में विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन किया।
इसके बाद 20 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित उच्च स्तरीय चयन एवं निवेश समिति के समक्ष उन्होंने अपने स्टार्टअप तेंदू फल पेय का अंतिम प्रस्तुतीकरण दिया। उनके आइडिया की व्यवहारिकता और संभावनाओं से प्रभावित होकर समिति ने 5 लाख रुपए की ग्रांट-इन-एड की अनुशंसा की। यह राशि आगामी छह महीनों में उत्पाद के विकास, परीक्षण और आवश्यक मानकों को पूरा करने के लिए दी जाएगी।
गौरतलब है कि जवाहर आर-एग्री बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर मध्यप्रदेश का एकमात्र ऐसा एग्री-बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर है, जिसे आरकेवीवाय द्वारा वित्तपोषित किया जाता है। वर्ष 2018 से अब तक यह केंद्र 73 एग्री-स्टार्टअप्स को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुका है और इसे देश में ग्रामीण आधारित इनक्यूबेशन के क्षेत्र में विशेष पहचान प्राप्त है।
बालाघाट जिला, जो मध्यप्रदेश का सर्वाधिक वन क्षेत्र वाला जिला है, तेंदू वृक्षों की प्रचुरता के लिए जाना जाता है। यहां के ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदू फल आसानी से उपलब्ध होता है। ऐसे में किशनलाल पुरी का यह स्टार्टअप न केवल स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करेगा, बल्कि युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते भी खोलेगा।
उनकी यह पहल पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ी है, क्योंकि तेंदू जैसे वनोपज आधारित उत्पादों के उपयोग से वनों के प्रति जागरूकता और संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। आज किशनलाल पुरी की यह सफलता बालाघाट ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है, जो यह संदेश देती है कि स्थानीय संसाधनों में ही बड़े अवसर छिपे होते हैं।
तेंदू फल से बनेगा देशी फ्रूटी ब्रांड, बैहर का स्टार्टअप बना युवाओं के लिए प्रेरणा
RELATED ARTICLES

