आरजी कर केस की पीड़िता की मां राजनीति में उतरीं, न्याय की लड़ाई को बनाया चुनावी मुद्दा

कोलकाता। देश में चर्चाओं का विषय रहा पश्चिम बंगाल का आरजी कर मेडिकल कॉलेज एक बार फिर से सुर्खियों में है। मेडिकल कॉलेज से जुड़े चर्चित दुष्कर्म और हत्या मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। पीड़िता की मां ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह फैसला व्यक्तिगत दुख से आगे बढ़कर न्याय की लड़ाई को एक व्यापक मंच देने के उद्देश्य से लिया गया है।
पीड़िता की मां का कहना है कि उनको पहले भी पार्टी का प्रस्ताव प्राप्त हुआ था, लेकिन उस समय वह मानसिक रूप से इसके लिए तैयार नहीं थीं। लेकिन अब उन्होंने यह निर्णय लिया है कि वह राजनीति के जरिए अपनी बेटी को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगी। उनका आरोप है कि राज्य सरकार ने मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास किया।
ऐसा कहा जा रहा है कि उनको उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। इस बीच, भाजपा नेताओं का पीड़ित परिवार से मुलाकात किया जाना इस मुद्दे को बल मिला है। हालांकि, अंतिम उम्मीदवार सूची की औपचारिक घोषणा अभी बाकी है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे देश में व्यापक आक्रोश पैदा किया था और चिकित्सकों व नागरिक समूहों ने लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किए थे। यह घटनाक्रम दर्शाता है कि अब न्याय की मांग केवल कानूनी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रही, बल्कि राजनीतिक मंच पर भी अपनी जगह बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *