सागर। चलती कार में लगी आग और फिर एक महिला की मौत के मामले में सागर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। साधारण सड़क हादसा मानकर जांच कर रही पुलिस को कई तथ्यों ने परेशान कर दिया। गहराई से परतें उधेड़ने पर पता चला कि डॉक्टर नीलेश ने ही अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की यह योजना बनाई थी। दरअसल, नीलेश पटेल का अपनी पड़ोसन के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी डॉक्टर नीलेश पटेल और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की गहराई से हुई जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी डॉक्टर का अपनी पड़ोसन के साथ प्रेम संबंध था, जिसके कारण घर में अक्सर पत्नी के साथ विवाद होता था। रोज-रोल की इसी कलह से पीछ छुटाने के लिए आरोपी ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अपराध को छिपाने के उद्देश्य से सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए उसने शव को कार में रखा और अपने क्लीनिक के कर्मचारियों की मदद से गाड़ी में आग लगा दी, ताकि पुलिस को लगे कि मौत गैस किट में विस्फोट के कारण हुई है।
पुलिस को आरोपी के बयानों में विसंगति और शव की स्थिति को देखकर संदेह हुआ था। फॉरेंसिक टीम ने जब घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, तो आरोपी की बनाई गई कहानी पूरी तरह से झूठी साबित हुई। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने अब हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सागर चलती कार अग्निकांड में चौंकाने वाला खुलासा, डॉक्टर पति ने ही रची थी पत्नी की हत्या की साजिश
RELATED ARTICLES

