भोपाल। धनतेरस और दीपावली के मौके पर मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश के सैकड़ों परिवारों को बड़ी सौगात दी है। पुलिस ने महज पांच दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गुम और चोरी हुए 1,748 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। तकनीकी साक्ष्यों और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से की गई इस कार्रवाई के बाद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा रहे हैं। पुलिस की इस पहल से उन लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई है, जो लंबे समय से अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।
उज्जैन में सबसे बड़ी बरामदगी, एक करोड़ के 524 मोबाइल
उज्जैन पुलिस ने धनतेरस पर विशेष अभियान चलाकर 522 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। इसके अलावा चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र की गोल्डन मोबाइल शॉप में हुई चोरी का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो मोबाइल, एप्पल आईपैड और सीसीटीवी डीवीआर सहित करीब 2.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। इस तरह जिले में कुल 524 मोबाइल बरामद हुए।
इंदौर में 89 लाख के 323 मोबाइल बरामद
इंदौर पुलिस ने 323 मोबाइल फोन खोजे। इनमें जोन-3 पुलिस ने 58 लाख रुपये से अधिक कीमत के 168 मोबाइल और क्राइम ब्रांच ने 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के 106 मोबाइल बरामद किए। राजेंद्र नगर क्षेत्र की नकबजनी का खुलासा करते हुए 11.40 लाख रुपये कीमत के 36 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए गए। परदेशीपुरा पुलिस ने भी 13 मोबाइल बरामद किए।
नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा में भी बड़ी कार्रवाई
नरसिंहपुर पुलिस ने 75 लाख रुपये कीमत के 201 मोबाइल बरामद किए। छिंदवाड़ा में 26.58 लाख रुपये कीमत के 151 मोबाइल खोजकर उनके मालिकों को लौटाए गए। मंदसौर में 23 लाख रुपये कीमत के 115 और खंडवा में ऑपरेशन सहयोग के तहत 21.81 लाख रुपये कीमत के 102 मोबाइल बरामद किए गए।

