बस और डंपर की भिड़ंत के बाद लगी आग, आंध्रप्रदेश का है मामला
अमरावती। आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। गुरुवार सुबह करीब छह बजे ‘हरिकृष्ण ट्रैवल्स’ की यात्री बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। इसी दौरान रायवरम के पास बस की टक्कर एक टिपर लॉरी से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही क्षणों में बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद बस से चिंगारी उठी और संभवतः ईंधन रिसाव के कारण आग तेजी से फैल गई। कई यात्री उस समय नींद में थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। कुछ लोग किसी तरह बाहर निकल सके, लेकिन कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए।
इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 लोग घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना ओवरस्पीड और सुरक्षा मानकों की अनदेखी चलते यह हादसा हुआ।

