नई दिल्ली। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीजू पटनायक पर दिए गए अपने विवादास्पद बयान पर माफी मांग ली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उनकी बातों से गलत अर्थ निकाला गया और यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह बिना शर्त क्षमा चाहते हैं।
निशिकांत दुबे का बयान और सफाई
निशिकांत दुबे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “पिछले हफ्ते मीडिया से बात करते हुए मैंने नेहरू-गांधी परिवार के कारनामों के क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के अग्रणी नेताओं में स्थान रखने वाले आदरणीय बीजू पटनायक जी के संदर्भ में मेरी बातों से गलत अर्थ निकाला गया।”उन्होंने आगे लिखा, “यह मेरा व्यक्तिगत बयान है। नेहरू जी पर दिए गए मेरे विचार को बीजू बाबू के ऊपर समझा गया। बीजू बाबू हमारे लिए हमेशा ऊँचे कद के स्टेट्समैन रहे हैं और रहेंगे। मेरे वक्तव्य से यदि भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं बिना शर्त क्षमा चाहता हूं।”
विवाद की शुरुआत
27 मार्च को निशिकांत दुबे ने एक बयान में दावा किया था कि 1960 के दशक में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के बीच बीजू पटनायक लिंक थे। इस बयान पर ओडिशा में तीखा विरोध हुआ।बीजू जनता दल (बीजेडी) सुप्रीमो और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बयान की कड़ी आपत्ति जताई। बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने विरोध स्वरूप संसद की संचार और आईटी समिति से इस्तीफा दे दिया। ओडिशा विधानसभा में भी इस मुद्दे पर हंगामा हुआ और विपक्षी सदस्यों ने सदन की कार्यवाही बाधित की।

