नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार दोपहर तक जहां तेज धूप और गर्मी का असर था, वहीं कुछ ही घंटों में आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इस अचानक बदलाव ने लोगों को राहत तो दी, लेकिन साथ ही मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता भी बढ़ा दी है।
IMD का ‘इंस्टेंट अलर्ट’
बता दें भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तात्कालिक पूर्वानुमान जारी करते हुए साफ कहा है कि अगले 2 घंटों में दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे अचानक मौसम और ज्यादा उग्र हो सकता है।
इन इलाकों में दिखा मौसम का असर
दक्षिणी दिल्ली के साकेत, मालवीय नगर, हौज खास और लाजपत नगर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है। इसके अलावा आर.के. पुरम, डिफेंस कॉलोनी, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, आयानगर और डेरामंडी में भी मौसम तेजी से बदल रहा है।
NCR में भी अलर्ट मोड ऑन
वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, मानेसर और बल्लभगढ़ जैसे NCR क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हरियाणा के सोहना और नूंह में तो मध्यम से भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं का हाई अलर्ट जारी किया गया है।

