नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को काबू में करने के लिए सरकार ने अब ‘एक्शन मोड’ ऑन कर दिया है। 1 नवंबर 2026 से ‘No PUC, No Fuel’ नियम लागू होगा, यानी बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। यह फैसला दिल्ली के एयर पॉल्यूशन मिटिगेशन एक्शन प्लान-2026 का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शहर की हवा को साफ और सुरक्षित बनाना है।
वाहनों पर सख्ती
सरकार ने साफ कर दिया है कि अब प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कोई ढील नहीं दी जाएगी। 1 नवंबर से ऐसे मालवाहक वाहनों की दिल्ली में एंट्री बंद होगी जो BS-VI, CNG या इलेक्ट्रिक नहीं हैं। इसके साथ ही ‘No PUC–No Fuel’ को लागू करने के लिए ANPR कैमरे और डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग
इस एक्शन प्लान में 11 अहम क्षेत्रों को टारगेट किया गया है, जैसे ट्रांसपोर्ट, डस्ट कंट्रोल, वेस्ट मैनेजमेंट, ग्रीन कवर और पॉल्यूशन मॉनिटरिंग। हर विभाग को तय समय-सीमा के साथ जिम्मेदारी दी गई है और पूरे सिस्टम की रियल-टाइम मॉनिटरिंग होगी, ताकि नतीजे तेजी से सामने आएं।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और EV को मिलेगा बूस्ट
बता दें सरकार का फोकस अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने पर है। 2028-29 तक दिल्ली में बसों की संख्या बढ़ाकर 13,760 करने का लक्ष्य है, जिसमें इलेक्ट्रिक बसों की बड़ी हिस्सेदारी होगी। साथ ही अगले चार साल में 32,000 EV चार्जिंग पॉइंट लगाने की तैयारी है।
जाम खत्म करने के लिए स्मार्ट प्लान
इसके साथ ही दिल्ली के 62 बड़े ट्रैफिक जाम हॉटस्पॉट्स को खत्म करने के लिए स्पेशल ड्राइव चलाई जाएगी। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट पार्किंग और बेहतर रोड प्लानिंग से ट्रैफिक को सुगम बनाने की रणनीति तैयार की गई है।
कचरा और लैंडफिल पर भी सर्जिकल स्ट्राइक
इसी कड़ी में प्रदूषण की बड़ी वजह बने लैंडफिल साइट्स को खत्म करने का टाइमलाइन भी तय कर दिया गया है। ओखला जुलाई 2026, भलस्वा दिसंबर 2026 और गाजीपुर दिसंबर 2027 तक खत्म किए जाएंगे। इसके साथ ही बायोमास जलाने पर पूरी तरह बैन रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
दिल्ली का यह नया प्लान साफ संकेत देता है कि अब प्रदूषण के खिलाफ आधे-अधूरे नहीं, बल्कि सख्त और स्मार्ट कदम उठाए जाएंगे, ताकि आने वाले सालों में राजधानी की हवा फिर से सांस लेने लायक बन सके।

