उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर में सुबह प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और अभिनेता विक्की जैन ने भगवान महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ लिया।
भस्म आरती में शामिल होने के बाद दोनों कलाकारों ने अपने अनुभव साझा किए। अंकिता लोखंडे ने कहा कि वे बचपन से कई बार उज्जैन आ चुकी हैं, लेकिन पहली बार भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि इस दिव्य अनुभव को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। आरती के दौरान उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे साक्षात भगवान शिव के दर्शन हो रहे हों। उन्होंने उज्जैन को बेहद पवित्र और भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ स्थान बताया।
वहीं विक्की जैन ने मंदिर की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद यहां बेहद सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जाते हैं। हर श्रद्धालु को सहज और शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन का अवसर मिलता है, जिससे एक दिव्य अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि धरती पर इससे बेहतर आध्यात्मिक अनुभव कहीं और मिलना मुश्किल है।
इस अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इंजीनियर शिवाकांत पांडे द्वारा दोनों का स्वागत एवं सत्कार भी किया गया।

