पश्चिम बंगाल। चुनाव के दौरान हिंसा और अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में केंद्र सरकार और राज्य सरकार को निर्देश देने की मांग की गई है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए और सरकारी व न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
याचिका में कहा गया है कि- राज्य में कई वर्षों से चुनाव के समय हिंसा, धमकी और डर का माहौल बना रहता है। इससे न केवल आम लोगों के अधिकार प्रभावित होते हैं बल्कि चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
साथ ही याचिका में कहा गया है कि- उनका उद्देश्य नागरिकों के मूल अधिकारों की रक्षा करना, चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित बनाना और अधिकारियों को भय मुक्त माहौल में काम करने की सुविधा दिलाना है। सुप्रीम कोर्ट के जाने माने वकील बरुण कुमार सिन्हा इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में बहस करेंगे।
सुरक्षा बल तैनाती की मांग
याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि- केंद्र सरकार को निर्देश दिया जाए कि वह पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि राज्य सरकार को चुनाव के दौरान और उसके बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के लिए स्पष्ट आदेश दिए जाएं।
ये याचिका को दिल्ली निवासी सतीश कुमार अग्रवाल ने दायर किया है। याचिका के अनुसार वे सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और समाज के विभिन्न मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने यह याचिका व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं बल्कि आम जनता के हित में दाखिल करने की बात कही है।

