पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आ रहा है। नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं, जिसके बाद सत्ता की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में जाने की पूरी संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, उनका नाम लगभग तय हो चुका है और 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है।
आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी
सूत्रों के मुताबिक, सम्राट चौधरी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था अचानक बढ़ा दी गई है। जिसमें 50 मीटर के दायरे में आम लोगों की एंट्री पर रोक, भारी पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग तथा निगरानी बढ़ाई गई है
आखिरी कैबिनेट बैठक आज
बता दें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे। उनका यह कदम बिहार की राजनीति में एक लंबे दौर के अंत के रूप में देखा जा रहा है। करीब दो दशकों तक राज्य की सत्ता में प्रमुख भूमिका निभाने वाले नीतीश अब ‘गाइडिंग रोल’ में नजर आ सकते हैं।
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारी
जानकारी अनुसार 15 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में शपथ समारोह किया जाएगा। जिसके बाद एनडीए की नई सरकार का गठन किया जाएगा। इस शपथ समारोह में बड़े स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की मौजूदगी भी बताई जा रही है। इस कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन और नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
जेडीयू का बयान
जेडीयू नेता संजय कुमार झा ने कहा कि- “यह बिहार के लिए भावुक पल है, लेकिन नई सरकार भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में भी नीतीश की राजनीतिक पकड़ बनी रहेगी।”
पिछले 24 घंटों में सम्राट चौधरी की कई हाई-लेवल मीटिंग्स हुईं, जिनमें वरिष्ठ अधिकारी और राजनीतिक सलाहकार शामिल रहे। इन बैठकों के बाद यह स्पष्ट हो गया कि सरकार गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

