भोपाल में युवती इंजीनियर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में निजी संबंधों का जिक्र

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां 25 वर्षीय इंजीनियर ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। शुरुआती जांच में यह मामला निजी कारणों से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

क्या हुआ था?

पुलिस के अनुसार, मृतका युवती अपने परिवार के साथ कोलार क्षेत्र में रहती थी और हाल ही में इंदौर से छुट्टी लेकर भोपाल आई थी। यह घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। मृतका ने घटना को अंजाम तब दिया, जब परिवार घर पर मौजूद नहीं था। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है।

करियर और बैकग्राउंड

मृतका ने बी.टेक करने के बाद इंदौर की एक प्राइवेट कंपनी में पिछले तीन साल से काम कर रही थी। उसने मेहनत के दम पर पढ़ाई पूरी की और सीमित संसाधनों के बावजूद करियर बनाया। वहीं परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण बताई जा रही है। वह दो बहनों में बड़ी थी और अपने परिवार के लिए सपनों के साथ आगे बढ़ रही थी।

सुसाइड नोट में क्या मिला?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में निजी संबंधों का जिक्र है। जिसमें एक परिचित युवक के साथ रिश्ते का उल्लेख किया गया है। नोट में भावनात्मक तनाव और निराशा की बातें है। लेकिन किसी प्रकार की प्रताड़ना या आरोप का जिक्र नहीं है।

पुलिस जांच जारी

 पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, साथ ही मृतका के मोबाइल और कॉल डिटेल्स की जांच की जाएगी ताकि घटनाक्रम को समझा जा सके। इसके अलावा, मिले सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग का भी वेरिफिकेशन कराया जा रहा है। इन सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *