कोलकाता: पश्चिम बंगाल में एक बार फिर सियासी तनाव बढ़ गया है। TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा समर्थकों पर उनके घर में घुसकर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।
अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे कुछ लोग हथियार लेकर उनके घर में घुसे और पत्थरबाजी की। उन्होंने अपने जन्मदिन के दिन हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया और इसे जान से मारने की साजिश बताया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की खबर
घटना के विरोध में अभिषेक बनर्जी अपने समर्थकों के साथ कोलकाता स्थित घर के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान TMC और BJP समर्थकों के बीच झड़प भी हो गई। इसमें महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की खबर है।
पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल इस घटना को लेकर बंगाल की राजनीति में तनाव बढ़ गया है।
पोस्टर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर समर्थक जन्मदिन के बैनर और पोस्टर लगा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय BJP कार्यकर्ताओं से उनकी कहासुनी हो गई। TMC समर्थकों ने आरोप लगाया कि BJP कार्यकर्ताओं ने पत्थर और लोहे की छड़ों से हमला किया।
वहीं, BJP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उसके कार्यकर्ता कुम्हारटोली से काली की मूर्तियां खरीदकर लौट रहे थे, तभी TMC समर्थकों ने उन पर हमला किया।
पुलिस और अदालतों पर उठाए सवाल
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमला कोलकाता पुलिस की निगरानी में हुआ। उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
बनर्जी ने घटना से जुड़े वीडियो सार्वजनिक करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। फिलहाल, दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
घर और दफ्तर की रेकी का भी आरोप लगाया
इस घटना से पहले अभिषेक बनर्जी ने X पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल से उनके घर और कार्यालय की रेकी कर रहे हैं।
पूछताछ करने पर उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया था। बनर्जी ने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया था।
उन्होंने सवाल उठाया था कि एक सांसद के घर और कार्यालय की निगरानी किसके आदेश पर हो रही है। साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कोलकाता पुलिस, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पश्चिम बंगाल पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की थी।
ये भी पढ़ें: अभिजीत भट्टाचार्य ने दलेर मेहंदी पर साधा निशाना, बेटे गुरदीप ने दिया जवाब; बोले- व्यूज के लिए कुछ भी बोलते हैं
अक्टूबर में हाईकोर्ट में सुरक्षा कम करने की शिकायत
अक्टूबर 2026 में कलकत्ता हाईकोर्ट में अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा घटाए जाने का मामला भी उठा था। उनके वकील ने अदालत में दावा किया था कि सुरक्षा घटने के बाद उनके साथ चार घटनाएं हुईं। कोर्ट ने राज्य सरकार से सुरक्षा घटाने के फैसले पर जवाब मांगा था।

