बालाघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार

बालाघाट। बालाघाट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश, उड़ीसा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों में जांच की गई और लगभग 25,000 किलोमीटर का सफर तय कर साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार, थाना रामपायली क्षेत्र में एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से 21 किलो 140 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने लगातार छापेमारी और तकनीकी विश्लेषण कर कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल, एक टाटा पिकअप 407 वाहन, 10 मोबाइल फोन तथा अतिरिक्त 2 किलो 140 ग्राम गांजा जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 23 किलो 140 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है। संदिग्ध लेन-देन मिलने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले पर गिरफ्तार हुए मुख्य आरोपी-

  • मुन्ना बर्फे (54), बालाघाट
  • मिकेल उर्फ मुकेश देव (28), गंजाम उड़ीसा
  • दिलीप सुना (32), बौध उड़ीसा
  • राज उर्फ आशीष पारधी (38), बालाघाट
  • विजय नायक उर्फ बिजया नाईक (30), बौध उड़ीसा
  • कैलाश चंद्र खमारी (38), बौध उड़ीसा
  • बुल्ला उर्फ बदल उर्फ वीरेन्द्र समन्तराय (25), उड़ीसा
  • जगन्न उर्फ जगदीश पाड़ुआ (38), गंजाम उड़ीसा
  • तेजशंकर (37), उदयपुर राजस्थान

बालाघाट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *