MP Love Story: सिवनी में रिश्तों का अनोखा मोड़, पति ने खुद पत्नी को प्रेमी के साथ जाने दिया    

सिवनी। मध्यप्रदेश में सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने रिश्तों, सामाजिक सोच और व्यक्तिगत फैसलों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। यहां एक युवक ने शादी के बाद अपनी पत्नी के किसी और से संबंध होने पर न सिर्फ स्थिति को स्वीकार किया, बल्कि लंबे विवाद के बाद उसे उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति भी दे दी।

शादी के कुछ महीनों बाद बदली कहानी

जानकारी के अनुसार, शशांक लखेरा (31) की शादी अप्रैल 2024 में सिमरन (परिवर्तित नाम) से हुई थी। शुरुआती 5–6 महीने तक सब सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद सिमरन का अपने ही गांव के एक युवक से संपर्क बढ़ने लगा। फोन कॉल्स, मुलाकातें और बढ़ती नजदीकियों ने धीरे-धीरे इस रिश्ते को एक प्रेम संबंध में बदल दिया। जब यह बात शशांक को पता चली, तो घर में विवाद शुरू हो गया। परिवार और समाज के स्तर पर समझाइश की कोशिशें भी हुईं, लेकिन स्थिति संभल नहीं पाई।

पंचायत तक पहुंचा मामला

वहीं पत्नी कुछ समय के लिए मायके चली गई और बाद में समझौते के बाद वापस लौटी, लेकिन हालात नहीं बदले। दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और मामला गांव की पंचायत तक पहुंच गया। परिवार और समाज के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी अपने निर्णय पर अडिग रही। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि टकराव और हिंसा की आशंका भी बनने लगी।

कानूनी प्रक्रिया के जरिए लिया गया बड़ा फैसला

आखिरकार,शशांक ने स्थिति को देखते हुए बड़ा निर्णय लिया। 17अप्रैल को तीनों पक्ष केवलारी  पुलिस स्टेशन पहुंचे और लिखित आवेदन दिया। पति ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि वह अपनी पत्नी को उसकी इच्छा से उसके प्रेमी के साथ जाने दे रहा है। पत्नी ने भी लिखित में कहा कि वह अपने फैसले के प्रति पूरी तरह सजग है और अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। प्रेमी ने भी जिम्मेदारी लेते हुए उसे जीवनभर पत्नी की तरह रखने की बात लिखित में स्वीकार की।

रिश्तों की नई परिभाषा या मजबूरी?

बता दें यह मामला सिर्फ एक पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक ढांचे और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की जटिलता को भी दिखाता है। जहां एक तरफ इसे आपसी सहमति और शांति से समाधान के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि क्या यह निर्णय परिस्थितियों की मजबूरी था या रिश्तों के प्रति बदलती सोच का संकेत।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *