बालाघाट। जिले के परसवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दुखद घटना में कीटनाशक का सेवन करने वाली 55 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना से परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चटरीटोला निवासी श्यावती मर्सकोले (55) के रूप में हुई है, जो पति धीरसिंह मर्सकोले की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि महिला ने अज्ञात कारणों के चलते खेतों में उपयोग होने वाला कीटनाशक पदार्थ सेवन कर लिया था, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें परसवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिया। महिला को देर रात लगभग 12:30 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
अस्पताल चौकी पुलिस ने डॉक्टर की सूचना पर मर्ग कायम कर शव को अपने कब्जे में लिया। परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की आगे की जांच परसवाड़ा थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।
मृतका के पुत्र यशवंत मर्सकोले के अनुसार, घटना के समय घर पर उनकी मां और छोटी बहन अरशिका ही मौजूद थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान बहन ने उन्हें फोन पर जानकारी दी कि मां ने कीटनाशक पी लिया है।
परिजनों ने बताया कि श्यावती मर्सकोले लंबे समय से शारीरिक पीड़ा और थकान की समस्या से जूझ रही थीं तथा उनका इलाज भी चल रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।


