उत्तराखंड। टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां चंबा-कोटी मार्ग पर नैल-कोटी कॉलोनी के पास एक यूटिलिटी वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। संकरी और घुमावदार सड़क पर चलते समय अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार, सड़क की खराब स्थिति या ड्राइवर का नियंत्रण खोना हादसे की वजह हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
राहत और बचाव अभियान जारी
बता दें घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि हादसा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में हुआ, जहां पहुंचना आसान नहीं था।
सीएम ने जताया दुख
वहीं हादसे पर पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने को कहा गया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।


