उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र के नजरपुर गांव में एक गंभीर घटना सामने आई, जहां पति-पत्नी ने आत्महत्या की कोशिश की। लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। दरवाजा तोड़कर दोनों को फंदे से नीचे उतारा गया और समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच गई।
व्हाट्सएप स्टेटस बना अलर्ट का कारण
जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले युवक असीम पटेल ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पारिवारिक तनाव और परेशानी का जिक्र किया था। इसी स्टेटस की सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई और तुरंत मौके पर पहुंची। यह डिजिटल संकेत ही उनकी जान बचाने का कारण बना।
असीम ने ये सुसाइड नोट अपने स्टेटस पर लगाया था।
वहीं थाना प्रभारी करण खोवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो घर अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर दोनों फंदे पर झूलते नजर आए। टीम ने तुरंत रणनीति बनाई एक ओर बातचीत कर ध्यान भटकाया गया, वहीं दूसरी टीम ने अंदर घुसकर दरवाजा तोड़ा और दोनों को नीचे उतार लिया। उस समय दोनों की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पारिवारिक विवाद बना वजह
होश में आने के बाद दंपती ने बताया कि लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। जानकारी के अनुसार, असीम की दूसरी शादी से उसके पिता नाराज थे और उसे घर से अलग कर दिया गया था। संपत्ति और पारिवारिक मतभेद के चलते तनाव लगातार बढ़ रहा था।
पुलिस जांच जारी
घटना को लेकर पुलिस ने दंपती को काउंसलिंग देते हुए समझाइश दी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में समय पर हस्तक्षेप और संवाद बेहद जरूरी होता है, जिससे गंभीर घटनाओं को रोका जा सके।


