रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उनके साथ अमानवीय कृत्य भी किया गया। यह मामला समाज में बढ़ती क्रूरता और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह घटना रायसेन के ग्राम अगरिया मारखो की है, जहां निवासी बिहारी बंजारे को उनके बेटे की शादी के विवाद में निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि उनके बेटे ने विदिशा जिले के शमशाबाद की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इसी बात से नाराज लड़की के परिजन सुबह करीब 4 बजे बिहारी बंजारे के घर पहुंचे और परिवार के साथ मारपीट की।
जबरन उठाकर ले गए
मामले पर आरोप है कि 10-12 लोगों ने बुजुर्ग को जबरन अपने साथ ले जाकर राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र में ले गए। वहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उन्हें अपमानित करते हुए बोतल में भरकर पेशाब पिलाया गया। घटना के बाद आरोपियों ने उन्हें घर के बाहर छोड़ दिया और फरार हो गए।
मामले की शुरू हुई जांच
बता दें घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग अपने परिवार के साथ सेण्डोरा पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। दर्ज शिकायत पर रायसेन पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और राजगढ़ पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया। जिसके बाद पीड़ित को आगे की कार्रवाई के लिए राजगढ़ ले जाया गया। इस मामले में रायसेन जिले के दो आरोपियों को सलामतपुर थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है और राजगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित परिवार की आपबीती
पीड़ित बिहारी बंजारे ने आरोप लगाया कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे आत्मघाती कदम उठा सकते हैं। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


