हजारीबाग में ट्रेलर-ट्रक के बीच पिसी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चौपारण की दनुआ घाटी में शनिवार शाम एक कार दो भारी वाहनों के बीच इस कदर फंस गई कि उसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और दो मासूम बच्चे शामिल हैं।

 लोहे का ढेर बनी कार

जानकारी के मुताबिक, सेलेरियो कार JH 10 CU 3472 धनबाद की ओर जा रही थी और तभी दनुआ घाटी के खतरनाक मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई। जिसके बाद सामने चल रहे ट्रेलर से जा टकराई, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों भारी वाहनों के बीच फंसकर कार पूरी तरह पिचक गई और मलबे में बदल गई।

इस भीषण हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि किसी को बचने का मौका तक नहीं मिला।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद का मंजर बेहद भयावह था। हादसे में कार के परखच्चे उड़ चुके थे और शव लोहे के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घंटों तक ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाले। साथ ही वाहनों को हटाकर रास्ता साफ किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पुलिस अधिकारी ने इसे बेहद हृदयविदारक हादसा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *