प्रशिक्षण अभियान के साथ कार्यसमिति बैठक की तैयारी तेज
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मई में ओरछा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने का फैसला किया है। राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह घोषणा की। खास बात यह है कि उनके अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली कार्यसमिति बैठक होगी, जिसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 को केंद्र में रखते हुए जिला स्तर तक प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत कैडर ही चुनावी सफलता की नींव तैयार करता है।
हालांकि प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की सूची अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन संकेत हैं कि एक-दो दिन में नए चेहरों और समीकरणों के साथ सूची सामने आ सकती है। इससे संगठन में नए संतुलन और जिम्मेदारियों का संकेत मिलेगा।
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के संयोजक विजय दुबे समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही संभाग और जिला स्तर के प्रभारी, प्रशिक्षण टोली और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों ने भी भागीदारी की।
ओरछा में प्रस्तावित कार्यसमिति बैठक को केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन विस्तार और प्रशिक्षण अभियान को धार देने के बड़े मंच के रूप में देखा जा रहा है।

