वेलिंगटन: भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा आखिरी चरण में हैं। बुधवार रात 3:30 बजे से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी।
इस सीरीज का पहला मैच रात 3:30 बजे से वेलिंगटन में खेला जाएगा। इस मैदान पर टीम इंडिया पिछले 58 साल से नहीं जीत सकी है। उसने 1968 में आखिरी टेस्ट मैच जीता था।
मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी वाली उस टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद भारत ने यहां 7 टेस्ट मैच खेले, लेकिन एक में भी जीत नहीं पाई।
बेसिन रिजर्व में भारतीय क्रिकेट टीम ने कुल 8 टेस्ट मैच खेले
बेसिन रिजर्व में भारतीय क्रिकेट टीम ने कुल 8 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से एक जीता है। 2 मैच ड्रॉ रहे, जबकि 5 में हार मिली है।
2020 में यहां आखिरी बार भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट हुआ था। इंडिया दोनों परियों में 200 का आंकड़ा भी नहीं छू पाई थी। सिर्फ मयंक अग्रवाल (58 रन) ने फिफ्टी लगाई। बुमराह ने एक विकेट लिया था।
एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने 2009 में न्यूजीलैंड में आखिरी बार टेस्ट सीरीज और टेस्ट मैच जीता था। इसके बाद धोनी कप्तान के तौर पर यहां आए और टेस्ट सीरीज हार गए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन कमजोर
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की चुनौती का अंदाजा जसप्रीत बुमराह के रिकॉर्ड से लगाया जा सकता है। उन्होंने बाकी छह टीमों के खिलाफ टेस्ट में 18.76 की औसत से विकेट लिए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टेस्ट में उनकी गेंदबाजी औसत 45.44 है। यानी इस टीम के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन बाकी टीमों की तुलना में कमजोर रहा है।
ये भी पढ़ें: CRPF पोस्ट पर फायरिंग करने वाला लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था
तेज गेंदबाजों को मिलती है मदद
बेसिन रिजर्व की पिच पहले 2 दिन गेंदबाजों को मदद करती है। इससे पहली पारी में स्कोर कम रहेगा। सीमर्स हावी होंगे। दूसरी पारी में पिच सपाट हो सकती है। बैटर्स के पास रन बनाने का मौका होगा।
वेलिंगटन दुनिया के सबसे तेज हवाओं वाले शहरों में शामिल है। यहां हवा आमतौर पर उत्तर से दक्षिण दिशा में चलती है।
इस वजह से एक छोर से गेंदबाजों को हवा के खिलाफ दौड़ना पड़ता है। इससे बल्लेबाजी और फील्डिंग, दोनों टीमों के लिए परिस्थितियां मुश्किल हो सकती हैं।टेस्ट से पहले दो दिन हल्की बूंदाबांदी हुई है। मैच साफ मौसम में शुरू होने की उम्मीद है और दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

