तेहरान। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए राजधानी तेहरान में लाखों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला में सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरा परिसर शोक, भावनाओं और धार्मिक अनुष्ठानों का साक्षी बना, जहां लोग अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए घंटों तक इंतजार करते नजर आए।
सूत्रों के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खामेनेई का ताबूत ग्रैंड मोसल्ला लाया गया, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम नमाज अदा की गई। ईरान के वरिष्ठ राजनीतिक और सैन्य अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। समारोह के दौरान लोगों ने हाथों में ईरानी झंडे और धार्मिक प्रतीक लेकर अपने नेता को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार में खामेनेई के तीन बेटे मसूद, मेयसम और मुस्तफा मौजूद रहे। वहीं, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के वरिष्ठ अधिकारी और देश के कई प्रमुख नेता भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। हालांकि संभावित उत्तराधिकारी माने जाने वाले मुजतबा खामेनेई सुरक्षा कारणों से सार्वजनिक रूप से समारोह में शामिल नहीं हुए।
वही इस दौरान पूरे परिसर में “डेथ टू अमेरिका” और “डेथ टू इजराइल” के नारे गूंजते रहे। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए व्यापक इंतजाम किए।
जानकारी अनुसार, खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ी यह भीड़ ईरान के हाल के वर्षों के सबसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों में से एक मानी जा रही है। यह आयोजन केवल एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक और सामाजिक एकजुटता का भी बड़ा प्रतीक बनकर सामने आया।

