भोपाल: राजधानी में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विजयादशमी पर बेटियों के साथ दुराचार की घटनाओं और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ दुराचार करने वालों में रावण की प्रवृत्ति है। ऐसी घटनाएं मन को इतना व्यथित करती हैं कि उन्हें शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। दशहरे पर एक रील के जरिए संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि समाज को बेटियों के सम्मान और नशे के खिलाफ भी लड़ना होगा।
शिवराज ने विजयादशमी के अवसर पर वाहनों का पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि देश पूरे उमंग और उत्साह के साथ बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व मना रहा है। आज फिर रावण के पुतले जलेंगे, लेकिन उनके मन में बार-बार सवाल आता है कि रावण तो हर बार जलाते हैं, लेकिन क्या बुराइयां भी पूरी तरह जल पाती हैं?
मां, बहन और बेटी का सम्मान करें
शिवराज ने कहा कि बेटियों के साथ होने वाली घटनाओं को रोकना ही वास्तव में बुराई रूपी रावण का अंत करना है। उन्होंने सवाल उठाया कि बेटियों का सदैव सम्मान क्यों नहीं हो सकता और ऐसी घटनाओं को पूरी तरह समाप्त क्यों नहीं किया जा सकता?
उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि हम मां, बहन और बेटी का सम्मान करें। विजयादशमी का संदेश केवल रावण के पुतले जलाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि समाज में मौजूद बुराइयों को भी खत्म करना चाहिए।शिवराज ने देशवासियों, भाइयों-बहनों और भांजे-भांजियों को विजय पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि सभी लोग सन्मार्ग पर चलें और हमेशा अच्छाई का साथ दें। अच्छाई का प्रतीक भगवान राम हैं, जबकि बुराई रावण है। इसलिए सभी को बुराइयों से दूर रहना चाहिए।
ये भी पढ़ें: बीजेपी विधायक ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल; कहा- अच्छे अधिकारी को टिकने क्यों नहीं दिया जाता
नशे को बताया रावण जैसी बुराई
केंद्रीय मंत्री ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। देश के बाहर की कई ताकतें भी भारत और यहां के युवाओं को कमजोर करने के लिए तरह-तरह के नशे भेजने की कोशिश करती हैं।
उन्होंने नशे की प्रवृत्ति को भी रावण जैसी बुराई बताते हुए कहा कि समाज को नशे रूपी रावण का अंत करना होगा। शिवराज ने कहा कि बेटियों का सम्मान और नशे जैसी बुराइयों का खात्मा जरूरी है। तभी विजयादशमी के पर्व के पीछे भारतीय चिंतकों और समाज की जोभावना है, वह सही अर्थों में पूरी हो सकेगी।
उन्होंने कामना की कि मां की कृपा और आशीर्वाद सभी पर बना रहे। लोग सुखी हों, आगे बढ़ें और देश की प्रगति में योगदान दें।

