भोपाल: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी भोपाल के बड़े तालाब स्थित बोट क्लब पर भव्य नौका तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ किया और खुद भी नौका में सवार होकर देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान बोट क्लब का पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ जैसे देशभक्ति गीतों के बीच धरती, जल और आसमान तिरंगे के रंगों से सजे दिखाई दिए।
खिलाड़ियों ने कयाकिंग-कैनोइंग से दिखाए करतब
नौका तिरंगा यात्रा के दौरान युवा खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कैनोइंग के जरिए शानदार करतब दिखाए। खिलाड़ियों ने कैनो स्लालम शो के माध्यम से तिरंगे को सलाम किया।
इस दौरान बड़े तालाब के बीच फ्लोटिंग तिरंगा भी बनाया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और तिरंगे से सजे बोट क्लब का नजारा लोगों के लिए खास आकर्षण रहा।
CM मोहन यादव ने कहा- भारत अपनी क्षमता के साथ आगे बढ़ रहा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बोट क्लब पर आयोजित यह कार्यक्रम अद्भुत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है और देश अपनी क्षमता के साथ समृद्धि की ओर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने तिरंगा लेकर जिस तरह प्रदर्शन किया, वह उनकी संकल्प शक्ति और कौशल को दर्शाता है।
UCC को लेकर भी CM ने किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समान कानून से सभी नागरिकों के बीच समानता का भाव मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि देश ने अपनी तीनों सेनाओं के पराक्रम और सामर्थ्य के जरिए दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
‘देश को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें’
मोहन यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा युवाओं के उत्साह और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को आगे बढ़ाने और विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने नौका तिरंगा यात्रा के आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी।

