Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeमध्य प्रदेशचार साल की बच्ची को पिता की गोद से छीन ले गया...

चार साल की बच्ची को पिता की गोद से छीन ले गया जंगली जानवर

आलीराजपुर। बखतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिचोली के गोदवाणी फलिया में शनिवार देर शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चार साल की मासूम बच्ची रक्षा को एक जंगली जानवर उसके पिता देवसिंह की गोद से झपटकर जंगल की ओर ले गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देवसिंह शाम के समय घर के पास बच्ची को गोद में लिए खड़े थे, तभी अचानक जंगल की ओर से आए जंगली जानवर ने झपट्टा मारकर बच्ची को पकड़ लिया और पहाड़ी रास्ते से जंगल में ओझल हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही जानवर आंखों से ओझल हो चुका था।

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद आसपास के जंगल और  पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। वन विभाग के अधिकारी के अनुसार, संभावित इलाकों में गहन तलाश की जा रही है।

इधर, खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मशाल और टॉर्च लेकर जंगल की ओर खोजबीन में जुट गए। ग्रामीण राकेश ने बताया कि अंधेरा होने के बावजूद ग्रामीण बच्ची की तलाश में लगे हुए हैं।

मामले की जानकारी बखतगढ़ थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर वन विभाग और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। थाना प्रभारी संतोष सिसौदिया ने ग्रामीणों से अपील की है कि खोज के दौरान सतर्क रहें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें।

घटना के बाद गोदवाणी फलिया में सन्नाटा पसरा हुआ है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बच्ची की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन