मुंबई। भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा जल्द ही टीवी स्क्रीन पर एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। वह ‘द रोहित शर्मा शो’ को होस्ट करेंगे। शो का एक टीजर जारी हो चुका है और इसे सोनी लिव पर भी स्ट्रीम किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, चैनल की ओर से अभी शो के फॉर्मेट और प्रीमियर की आधिकारिक तारीख की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
‘फैमिली फ्यूड’ के भारतीय रूपांतरण की चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह क्विज शो नहीं बल्कि एक गेम शो होगा। इसके फॉर्मेट को अमेरिका के लोकप्रिय शो ‘फैमिली फ्यूड’ के भारतीय रूपांतरण के तौर पर बताया जा रहा है। हर एपिसोड में दो परिवारों के बीच मुकाबला होने की संभावना है।
शो की शूटिंग सितंबर से शुरू हो सकती है, जबकि अक्टूबर में इसके प्रसारित होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि रोहित इस प्रोजेक्ट से करीब छह महीने तक जुड़े रहेंगे। हर सप्ताह एक एपिसोड प्रसारित किया जा सकता है और शो फरवरी 2027 तक चलने की संभावना है।
टीजर में दिखा रोहित का अलग अंदाज
शो के नए प्रोमो में बैकग्राउंड में ‘आला रे आला रोहित आला’ गाना सुनाई देता है। टीजर में रोहित कैमरामैन से शूटिंग के एंगल को लेकर बात करते दिखाई देते हैं। इससे संकेत मिलता है कि क्रिकेट के मैदान से अलग दर्शकों को रोहित का हल्का-फुल्का और मनोरंजक अंदाज देखने को मिलेगा।
मई में सामने आए एक अन्य प्रोमो में रोहित अपने प्रशंसकों के साथ बातचीत करते नजर आए थे। इस दौरान फैंस ने उनसे उनका चर्चित डायलॉग ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ बोलने की मांग की थी। रोहित ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्हें जिंदगी में गार्डन चाहिए ही नहीं।
विज्ञापनों में पहले से सक्रिय हैं रोहित
टीवी शो की होस्टिंग रोहित के लिए नई जरूर है, लेकिन कैमरे के सामने उनका अनुभव पुराना है। वह एडिडास, जियो, CEAT, थम्स अप, ओरल-बी, बॉर्नविटा, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और भारतपे जैसे कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं।

इसके अलावा रोहित ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में भी दो बार दिखाई दे चुके हैं। वहां उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन किया और क्रिकेट से जुड़े कई किस्से साझा किए।
ऐसा रहा है क्रिकेट करियर
रोहित शर्मा ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह भारत के सफल बल्लेबाजों और कप्तानों में शामिल रहे हैं। वनडे में उनके नाम तीन दोहरे शतक हैं और 264 रन की पारी अब भी उनके करियर की सबसे चर्चित पारियों में शामिल है। 2019 वनडे विश्व कप में उन्होंने पांच शतक लगाए थे। वनडे क्रिकेट में रोहित के नाम 11,895 रन दर्ज हैं।

