नई दिल्ली। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के सभी पायलटों की अब रोजाना ड्रग टेस्टिंग होगी। दोनों एयरलाइंस के 5 हजार से ज्यादा पायलटों के लिए यह जांच अनिवार्य कर दी गई है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
यह फैसला पिछले हफ्ते फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में एक पायलट के ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद लिया गया। फ्लाइट के भुवनेश्वर के ऊपर से गुजरने के दौरान अचानक टर्बुलेंस जैसी स्थिति बनी थी। विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था, जिससे कई यात्रियों और क्रू मेंबर्स को चोटें आई थीं।
दो टेस्ट में हुई नशे की पुष्टि
घटना के बाद फ्लाइट के कैप्टन के दो ड्रग टेस्ट किए गए। दोनों रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। दूसरी जांच में गांजा सेवन की पुष्टि हुई। घटना के बाद कुछ यात्रियों ने भी पायलट के नशे में होने का आरोप लगाया था।
ट्रेनिंग और बेस पर होगी जांच
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के पायलटों की जांच गुरुग्राम स्थित अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान की जाएगी। इसके अलावा फ्लाइट के बाद ब्रीफिंग सेंटर, एयरलाइंस के कार्यालय और संबंधित बेस पर भी ड्रग टेस्ट किए जाएंगे।
एयरलाइंस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और उनका भरोसा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित नशीले पदार्थों और दवाओं की जांच की जाएगी।
उड़ान से 12 घंटे पहले नशे पर रोक
DGCA के नियमों के मुताबिक, पायलट और क्रू मेंबर्स को उड़ान से कम से कम 12 घंटे पहले शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन करने की अनुमति नहीं है। उड़ान के दौरान भी इनका सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है।

