भोपाल। प्रदेश में बढ़ती महंगाई को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मोहन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है और इसका सीधा असर खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है।
अजय सिंह ने मांग की कि राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल पर लगाए जाने वाले करों में तत्काल 50 प्रतिशत की कटौती करे। उनका कहना है कि ईंधन सस्ता होने से परिवहन लागत घटेगी और बाजार में आवश्यक वस्तुओं के दाम भी कम होंगे, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।
उन्होंने सरकार से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गेहूं, चावल, दाल, खाद्य तेल और शक्कर जैसी आवश्यक वस्तुएं नियंत्रित एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की भी मांग की। उनका कहना है कि महंगाई की सबसे अधिक मार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रही है, जिनके लिए घरेलू खर्च और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाना लगातार कठिन होता जा रहा है।
अजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई कम करने और राहत देने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी।

