मुंबई: NEET विवाद को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। विवाद को लेकर देशभर में जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर अब बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता आर. माधवन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। इससे पहले सलमान खान ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी थी।
आलिया भट्ट और आर. माधवन ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए छात्रों के बेहतर भविष्य, उनकी मांगों और उन्हें न्याय दिलाने की बात कही। दोनों कलाकारों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साहस और धैर्य की भी सराहना की।
पिछले कुछ समय से इस मुद्दे पर बॉलीवुड सितारों की चुप्पी को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोग सवाल उठा रहे थे। ऐसे में अब आलिया भट्ट और आर. माधवन की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बन गई है।
आलिया भट्ट ने अपनी पोस्ट में लिखा
‘पिछले कुछ दिनों ने बार-बार मेरा दिल तोड़ा है और फिर उम्मीद के साथ उसे जोड़ा भी है। अपनी बात पर डटे हर छात्र के पीछे एक सपना, एक परिवार की उम्मीद और अनगिनत त्याग की कहानी छिपी है।’ उन्होंने आगे कहा कि ये छात्र सिर्फ अपने लिए आवाज नहीं उठा रहे हैं, बल्कि उन सभी लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जिन्होंने उनका साथ दिया है। साथ ही, उनकी लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर रास्ता बनाने की कोशिश भी है।

वहीं, आर. माधवन ने भी छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए निष्पक्ष निर्णय और सही समाधान की उम्मीद जाहिर की। उन्होंने छात्रों की हिम्मत और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के प्रयास की तारीफ की।
NEET विवाद को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है और अब फिल्म जगत की हस्तियों के समर्थन के बाद यह मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

