कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। कल्याणपुर थाने में तैनात एक रिक्रूट कांस्टेबल पर एक छात्रा का कई दिनों तक पीछा करने और रास्ते में उसका हाथ पकड़ने का आरोप लगा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
छात्रा का पीछा करने का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी सिपाही कई दिनों से छात्रा के आने-जाने के रास्ते में खड़ा रहता था और लगातार उसका पीछा कर रहा था। शुक्रवार को उसने कथित तौर पर छात्रा का हाथ पकड़ लिया। घटना से घबराई छात्रा ने तुरंत अपने परिवार को पूरी जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक, छात्रा के पिता ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह नित्येश्वर धाम मंदिर के पास से भाग निकला। इस दौरान आरोपी के भागने का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी अनुसार, आरोपी सुरेंद्र, मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती 2025 के तहत भर्ती हुआ रिक्रूट सिपाही है।
पुलिस ने तुरंत लिया एक्शन
बता दें शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

कल्याणपुर के सहायक पुलिस आयुक्त दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र के CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है, तो आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस का कहना है कि जांच को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए संबंधित रिक्रूट कांस्टेबल को अगले आदेश तक लाइन हाजिर कर दिया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

