अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में सोमवार तड़के हुए दर्दनाक हादसे में तीन नवजातों की मौत हो गई। आग लगने की घटना के समय NICU में 39 नवजातों का इलाज चल रहा था। अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में अचानक तेज धमाका हुआ। इसके तुरंत बाद वार्ड में धुआं भर गया और आग की लपटें उठने लगीं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग वेंटिलेटर में तकनीकी खराबी के कारण लगी।
धुएं के बीच कर्मचारियों ने बचाई मासूमों की जान
आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और एक-एक कर नवजातों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। कर्मचारियों की सतर्कता के कारण बड़ी संख्या में बच्चों को समय रहते बचा लिया गया।
हालांकि, हादसे की चपेट में आए तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छह नवजातों को किया गया शिफ्ट
हादसे के बाद छह नवजातों को बेहतर इलाज और निगरानी के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आग से NICU में लगे कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के दूसरे हिस्सों तक नहीं फैल सकी।
प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था और मेडिकल उपकरणों की जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

